एशिया कप 2022 ; भारत का पहला मैच पाकिस्तान से

एशिया कप 2022 में भारत का पहला मैच पाकिस्तान के साथ है। 28 अगस्त को होने वाले इस मैच में दोनों टीमें जीत हासिल करना चाहेंगी। इस मैच से पहले भारत के कई खिलाड़ी पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी से मिले। सभी खिलाड़ियों ने शाहीन अफरीदी से उनका हाल-चाल जाना और उनके जल्दी ठीक होने की बात कही। इससे पहले भी भारतीय खिलाड़ी बाबर आजम और अफगानिस्तान के खिलाड़ियों से भी मिले थे। भारतीय खिलाड़ियों के शाहीन अफरीदी से मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। भारत के विराट कोहली, ऋषभ पंत, युजवेन्द्र चहल और केएल राहुल ने अफरीदी के साथ मुलाकात की।
एशिया कप से बाहर होने के बावजूद शाहीन पाकिस्तानी टीम के साथ एशिया कप के लिए यूएई पहुंचे हैं। अभ्यास सत्र के दौरान शाहीन किनारे पर बैठे थे और उनकी टीम के बाकी सदस्य नेट्स में कड़ी मेहनत कर रहे थे। भारतीय क्रिकेट टीम भी अभ्यास के लिए पहुंची और शाहीन को देखकर खिलाड़ियों ने उनसे बात की।
विदित हो कि शाहीन का एशिया कप से बाहर होना पाकिस्तान टीम के लिए बड़ा झटका है। भारत और पाकिस्तान के पिछले मुकाबले में शाहीन ने कहर बरपाया था। पिछले साल टी20 विश्व कप में ग्रुप स्टेज मैच में शाहीन ने भारत के रोहित शर्माए केएल राहुल और विराट कोहली को आउट किया था। उनकी अनुपस्थिति से पाकिस्तान का तेज गेंदबाजी आक्रमण थोड़ा कमजोर हुआ है। पीसीबी ने मोहम्मद हसनैन को एशिया कप के लिए शाहीन की जगह टीम में जगह दी है। इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप तक शाहीन के फिट होने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.