जीव, रंधावा लीजेंड्स टूर प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे
नई दिल्ली । भारत के दिग्गज गोल्फर जीव मिल्खा सिंह और ज्योति रंधावा सहित 64 खिलाड़ी 30 अगस्त से ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रीन्स गोल्फ कोर्स पर पहली एचएसबीसी इंडिया लीजेंड्स चैंपियनशिप में खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगे।
यह देश में लीजेंड्स टूर की पहली प्रतियोगिता होगी। इसकी इनामी राशि पांच लाख डॉलर है और इसमें 2005 के अमेरिकी ओपन चैंपियन न्यूजीलैड के माइकल कैंपबेल भी शिरकत करेंगे। इंडिया लीजेंड्स चैंपियनशिप के विजेता को 74,250 डॉलर जबकि उप विजेता को 49,000 डॉलर मिलेंगे। तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी की झोली में 32,700 डॉलर आएंगे। यह प्रतियोगिता 54 होल की होगी और इससे पहले 28 और 29 अगस्त को प्रो.ऐम प्रतियोगिता खेली जाएगी। भारत के 52 वर्षीय गोल्फर जीव ने टूर्नामेंट के लांच के लिए आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मजाक में कहा कि मैं मेजबान हूं इसलिए मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि मैं इस सप्ताहांत टूर्नामेंट नहीं जीतूं। जीव और रंधावा के अलावा सात अन्य भारतीय इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे जिसमें मुकेश कुमार, दिग्विजय सिंह, हरमीत कहलों, विजय कुमार, अमनदीप जोहल, विशाल सिंह और संजय कुमार शामिल हैं।
