जूनियर, सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ
अल्मोड़ाध्नैनीताल। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को 24वीं उत्तराखंड स्टेट जूनियर एवं सीनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप का शुभारंभ किया। अल्मोड़ा में हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जनपदों से लगभग 350 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने इस मौके पर कहा कि खेलों के प्रति सामाजिक सोच में अब बड़ा बदलाव आ चुका है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के करियर के लिए नौकरियों में आरक्षण, आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी, नगद इनाम राशि और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन योजनाओं से यह बदलाव संभव हुआ है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार ने अपना काम बड़ी हद तक कर दिया है। अब खिलाड़ियों के युवा कंधों पर यह जिम्मेदारी है कि वह ओलंपिक स्तर की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने प्रतिभागियों को उत्साहित करते हुए कहा कि अगर वे खेल के क्षेत्र में नाम कमाते हैं तो उनके यश की कोई सीमा रेखा नहीं होगी। खेल में चैंपियन बनने पर खिलाड़ी की पहचान ग्लोबल हो जाती है।
इस अवसर पर द्रोणाचार्य अवार्डी कोच डीके सेन, बैडमिंटन एसोसिएशन के प्रदेश सचिव बीएस मनकोटी, कोच लियाकत अली खान समेत जनप्रतिनिधि एवं खेल प्रेमी मौजूद थे।
