राजीव शुक्ला बने बीसीसीआई के कार्यकारी अध्यक्ष

मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) में एक बड़ा बदलाव हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार रोजर बिन्नी ने 70 साल से अधिक उम्र होने के कारण अपने कार्यकाल से पहले ही बीसीसीआई अध्यक्ष का पद छोड़ दिया है। बीसीसीआई के नियमों के अनुसारए 70 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति इस पद पर नहीं रह सकता है जिसकी वजह से बिन्नी को यह फैसला लेना पड़ा। उनके इस्तीफे के बाद बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को बोर्ड का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
रोजर बिन्नी को अक्टूबर 2022 में सौरव गांगुली के बाद बीसीसीआई का 36वां अध्यक्ष बनाया गया था। हालांकि उनकी उम्र 70 वर्ष से ज्यादा होने के कारण उन्हें यह पद छोड़ना पड़ा। बीसीसीआई के संविधान में आयु सीमा नियम है, जिसके तहत कोई भी पदाधिकारी 70 साल की उम्र के बाद अपने पद पर नहीं रह सकता। यह नियम सुनिश्चित करता है कि क्रिकेट बोर्ड में सक्रिय नेतृत्व बना रहे। बिन्नी के कार्यकाल के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की जिनमें आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल और वनडे वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन शामिल है। इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब भी टीम इंडिया ने उनके ही कार्यकाल के दौरान अपने नाम किया था।
राजीव शुक्ला की अंतरिम नियुक्ति एक अस्थायी व्यवस्था है। रिपोर्ट्स के अनुसार बीसीसीआई जल्द ही अपने अगले अध्यक्ष के लिए चुनाव करवाएगा। माना जा रहा है कि यह चुनाव टीम इंडिया के एशिया कप में भाग लेने के दौरान आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान बोर्ड के सदस्य नए अध्यक्ष के चयन के लिए प्रक्रिया शुरू करेंगे। राजीव शुक्ला के पास अंतरिम अध्यक्ष के रूप में बोर्ड के दैनिक कार्यों को संभालने की जिम्मेदारी होगी। बीसीसीआई के इस बदलाव से भारतीय क्रिकेट में एक नया अध्याय शुरू हुआ है और अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अगला अध्यक्ष कौन होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.