पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से रौंदा
ह्यूस्टन। फुटबॉल की गोल मशीन क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने सभी आलोचनाओं को दरकिनार करते हुए मंगलवार को पहले हाफ में दो गोल दागे जिसकी बदौलत पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को फुटबॉल विश्व कप के ग्रुप के मैच में 5-0 के बड़े अंतर से रौंद दिया। रोनाल्डो ने उज़्बेकिस्तान के खिलाफ पुर्तगाल को शुरुआती बढ़त दिला। रोनाल्डो, जिन्होंने बड़े टूर्नामेंट के पिछले 10 मैचों में कोई गोल नहीं किया था ने दाईं ओर से जोआओ कैंसेलो के क्रॉस पर छह गज की दूरी से गोल किया। इसके साथ ही वह छह वर्ल्ड कप में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
यह उनके 230वें मैच में उनका 144वां इंटरनेशनल गोल था, ये दोनों ही पुरुषों के इंटरनेशनल मैचों में रिकॉर्ड हैं।
यह गोल 41 वर्षीय रोनाल्डो के शानदार इंटरनेशनल करियर का एक और यादगार पल था। साल 2006 में जर्मनी में 21 साल की उम्र में वर्ल्ड कप में डेब्यू करने के बाद से उन्होंने हर उस संस्करण (2006, 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026) में गोल किया जिसमें वे खेले हैं। उज़्बेकिस्तान के ख़िलाफ़ उनके गोल ने पुर्तगाल के लिए ग्लोबल फ़ाइनल में यूसेबियो के नौ गोल के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।
उज्बेकिस्तान के खिलाफ मैच में रोनाल्डो ने कमाल किया औऱ दो गोल करने में सफल रहे। रोनाल्डो के अलावा नुनो मेंडेस और राफेल लियाओ ने गोल किया। इसके अलावा एक गोल उज्बेकिस्तान के अब्दुखोदिर खुसानोव की ओर से हुआ, उन्होंने गलती से खुद के ही पोस्ट में गोल दागा जिससे पुर्तगाल 4-0 की बढ़त बनाने में सफल रहा। इसके बाद पांचवां गोल पुर्तगाल की ओर से राफेल लियाओ ने करके मैच को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। पुर्तगाल के सामने उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी मैदान पर कुछ नहीं कर पाए और आखिर में पुर्तगाल यह मैच 5-0 से जीतने में सफल रहा। रोनाल्डो ने आखिरी मिनटों में हैट्रिक पूरी करने का प्रयास किया लेकिन गेंद को बाहर मार बैठे।
