ब्रिटेन में कोरोना के मामले तेजी से बढ़े
क्वालालंपूर । दुनियाभर में पाबंदियों और टीकाकरण अभियान के बावजूद कोरोना के मामलों में कमी नहीं आ रही है। जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक दुनियाभर में संक्रमितों का आंकड़ा 19.25 करोड़ को पार कर गया है जबकि महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या 41.2 लाख को पार कर गई है। ब्राजील और इंडोनेशिया पर कोरोना की तगड़ी मार पड़ी है। यह आलम तब है जब दुनियाभर में कोविड.19 रोधी वैक्सीन की 3.74 अरब से ज्यादा डोज लगाई जा चुकी है।
ब्राजील में बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना से 1,412 लोगों की मौत हो गई है जबकि संक्रमण के 49,757 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही ब्राजील में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1,95,23,711 हो गया है जबकि मृतकों की संख्या 5,47,016 पर पहुंच गई है। मौजूदा वक्त में कोरोना संक्रमितों की संख्या के मामले में ब्राजील दुनिया में अमेरिका और भारत के बाद तीसरे स्थान पर है। महामारी से मरने वालों की संख्या के लिहाज से यह देश अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है।
ब्रिटेन में टीके की दोनों डोज लेने के बावजूद कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। मौजूदा वक्त में ब्रिटेन में अभी औसतन लगभग 700 लोग अस्पतालों में भर्ती कराए जा रहे हैं। यह आलम तब है जब ब्रिटेन के 88 फीसद वयस्कों को पहली डोज और 69 फीसद को दोनों डोज लग चुकी हैं। वहीं दक्षिण कोरिया में महामारी के बढ़ते मामलों के देखते हुए राजधानी क्षेत्र में शारीरिक दूरी की पाबंदियों को दो हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। दक्षिण कोरिया में बीते 24 घंटों में कोरोना के 1,630 मामले दर्ज किए गए जिससे संक्रमितों का आंकड़ा 1,85,733 हो गया है।
