अमेरिका में लोगों को मिल रहा एक घंटे में तैयार घर

अमेरिका में महज एक घंटे के अंदर लोगों को घर तैयार करके दिए जा रहे हैं। अमेरिका के हिसाब से इन घरों की कीमत भी बेहद किफायती बताई जा रही हैं। यहां अमेरिकन्स का अपने मकान बनाने का सपना केवल 43.50 लाख से लेकर 80 लाख रुपये में साकार हो रहा है। सबसे खास बात ये हैं कि इस तरह के घर में दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क भी रहते हैं।
अमेरिका में महंगाई आसमान छू रही है। आज से दो साल पहले की घरों की कीमत में 30 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया है। साल 2020 में जिस घर की कीमत 3,29,000 डॉलर मतलब 2.62 करोड़ रुपए थी उसके कीमतें बढ़कर 4,28,700 डॉलर तक जा पहुंची हैं। भारतीय रुपये में देखा जाए तो ये राशि 3.42 करोड़ रुपये है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी यहां के मिडिल क्लास को झेलनी पड़ रही है। उनके घर खरीदने का सपना साकार होना मुश्किल हो गया है। ऐसे में इनकी आस केवल बॉक्सेबल जैसे स्टार्टअप पर टिकी है। यह एक ऐसी कंपनी है जो यहां के लोगों को महज 54,500 डॉलर से लेकर 99,500 डॉलर में घर बना कर दे रही हैं। भारतीय मुद्रा में ये कीमत 43.50 लाख लेकर 80 लाख रुपये तक आंकी जा सकती है। गौरतलब है कि टेस्ला के फाउंडर मस्क 251 बिलियन डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया में सबसे अमीर शख्स की कुर्सी पर काबिज हैं और  इस कंपनी के बनाए घर में रह रहे हैं।
बॉक्सेबल कंपनी के एक घंटे में तैयार होने वाले इस घर को कैसिटा नाम दिया है। इस घर में फुल साइज किचन,  बाथरूम और लिविंग रूम शामिल है और डिलीवर होने के बाद एक घंटे में इसे अनपैक किया जा सकता है। इसका मतलब है कि केवल एक घंटे के अंदर ये आपके रहने के लिए तैयार हो जाता है। इसके किचन की बात करें तो इसमें फ्रिज,  सिंक,  ओवन,  डिशवाशर,  माइक्रोवेव और कैबिनेट्स भी हैं। बाथरूम में सिंक, बड़े काउंटर, शीशे और स्लाइडिंग ग्लास की सुविधा है तो 375 स्क्वायर फिट के लिविंग रूम 8 दरवाजे और खिडकियों वाला हैं। इसका फ्लोर लकड़ी का है। इसमें एसी के लिए भी जगह दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.