एक साल में अमेरिका बना “सबसे जीवंत देश” : ट्रंप
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि पहले आयात शुल्क अमेरिका के खिलाफ इस्तेमाल किये जाते थे अब जवाबी कार्रवाई कर एक साल में अमेरिका दुनिया का सबसे जीवंत देश बन चुका है।
श्री ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा कि आयात शुल्क अमेरिका को एक बार फिर महान और समृद्ध बना रहे हैं। दशकों तक अमेरिका के खिलाफ उनका इस्तेमाल किया गया। इसके साथ मूक और बेईमान राजनेताओं के कारण देश के भविष्य और अस्तित्व को काफी नुकसान हो रहा था। उन्होंने लिखा कि अब हवा का रुख पूरी तरह बदल चुका है और अमेरिका ने अपने खिलाफ आयात शुल्क हमलों का सफलतापूर्वक जवाब दिया है। अमेरिका राष्ट्रपति ने लिखा कि एक साल पहले अमेरिका एक मृत राष्ट्र था, अब यह दुनिया का सबसे जीवंत देश है।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने पहली अगस्त से भारत समेत कई देशों पर आयात शुल्क लगाने की घोषणा की है। भारत पर 25 प्रतिशत आयात शुल्क और रूस से सैन्य उपकरण तथा तेल खरीदने के कारण जुर्माना भी लगाने का एलान किया है। जापान, दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ पर 15 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया गया है और उनसे अमेरिका में भारी निवेश के समझौते किये गये हैं।
