अवतार 2 की कमाई में जबर्दस्त उछाल
बहुप्रतीक्षित फिल्म अवतार द वे ऑफ वॉटर ने सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। इस फिल्म को पूरी दुनिया में शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। भारत में भी यह फिल्म जबर्दस्त प्रदर्शन कर रही है। पहले दिन की छप्परफाड़ कमाई के बाद अब दूसरे दिन का कलेक्शन भी चौंका देने वाला है। आइए जानते हैं कि इस फिल्म ने अब तक कितना बिजनेस कर लिया है। जेम्स कैमरून के निर्देशन में बनी इस फिल्म ओपनिंग डे पर ही धमाकेदार शुरुआत की थी। शुक्रवार को अवतार 2 ने कई फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए 41 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म ने अंग्रेजी भाषा में 21.7 करोड़, हिंदी में 11.5 करोड़, तेलुगू में 5 करोड़, तमिल में 2.5 करोड़ और मलयालम में 30 लाख का बिजनेस किया था।
वहीं, अब फिल्म के दूसरे दिन का कलेक्शन भी सामने आ गया है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म की कमाई में दूसरे दिन जबर्दस्त उछाल देखने को मिला है। शनिवार को फिल्म ने 46.50 करोड़ का बिजनेस किया है। इसके साथ ही अब फिल्म का कुल कलेक्शन 87.50 करोड़ हो गया है। दो दिन की धुआंधार कमाई के बाद दिग्गज उम्मीद लगा रहे हैं कि तीसरे दिन छुट्टी की वजह से फिल्म के कलेक्शन में बड़ा उछाल दर्ज किया जा सकता है। हालांकि एक बात तो तय है कि यह फिल्म अपने पहले वीकएंड पर ही 100 करोड़ का आंकड़ा आसानी से पार कर लेगी।
