ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल पर लेटे हनुमान मंदिर में भक्तों की भीड़

प्रयागराज। ज्येष्ठ मास में पड़ने वाले पहले बड़े मंगलवार को प्रयागराज के हनुमान मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। संगम के बंधवा में स्थित लेटे हनुमान मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। बड़े मंगल के पर्व पर जहां पूरे मंदिर परिसर को बड़ी ही खूबसूरती से सजाया गया वहीं बजरंग बली की लेटी हुई प्रतिमा का भव्य श्रृंगार भी किया गया।
विदित हो कि ज्येष्ठ मास में इस बार चार बड़े मंगल पड़े हैं। ज्येष्ठ मास में पड़ने वाले मंगल का विशेष महत्व भी है। ऐसी मान्यता है कि बड़े हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना करने से भक्तों की सभी मनोकामनायें पूरी होती हैं। ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगलवार को मंदिर में बजरंग बली की विशेष आरती व पूजा.अर्चना की गई। दूर-दूर से आए लोगों ने जहां एक ओर हनुमान जी की पूजा अर्चना की वहीं निशान भी चढाया। बताया जाता है कि यह दुनिया का इकलौता ऐसा मंदिर है जहां बजरंग बली आराम की मुद्रा में लेटकर अपने भक्तों को दर्शन देते हैं। श्रद्धालु यहां बजरंग बली की लेटी हुई प्रतिमा का दर्शन पूजन करते हैं जिससे उनकी मनोकामनाएं पूरी होती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.