नंदी महाराज के जल पीने का मचा शोर
जुटने लगीं भक्तों की भीड़
इंदौर। मध्य प्रदेश के मालवा.निमाड़ इलाके में शनिवार सुबह से मंदिरों में दूध लेकर श्रद्धालु पहुंचते नजर आए। कारण बताया गया कि शिव मंदिरों में स्थापित नंदी जी दूध पी रहे हैं। खंडवा जिले से शुरू हुई ये खबर पूरे मालवा.निमाड़ में आग की तरह फैल गई। इंदौर, देवास, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर आदि जगह के मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ पहुंचने लगी।
बता दें कि खंडवा जिले के शिव मंदिरों में स्थापित नंदी की मूर्ति के दूध पीने के वीडियो तेजी से वायरल होने के कारण यह हालात पैदा हुए। इनके देखादेखी अंचल के लोगों ने भी शिव मंदिरों में दूध.पानी पिलाने की कोशिश की। लोगों ने एक.दूसरे को फोन करके इसकी सूचना दी। दरअसल खंडवा जिले की एक महिला सुबह.सुबह मंदिर पहुंची थी। पूजा के दौरान उसे लगा कि नंदी पानी पी रहे हैं। उसने चम्मच से पानी पिलाकर देखा, फिर दूध पिलाकर देखा। चम्मच खाली होने से वह अंचभित रह गई। उसने ग्रामीणों को बताया कि शिव मंदिर में स्थापित नंदी जी की मूर्ति दूध पी रही है। यह खबर सुनते ही गांव के दर्जनों लोग कटोरी में दूध लेकर इकट्ठा हो गए। सबने बारी-बारी से चम्मच से भरा दूध मूर्ति के मुख के सामने लगाया और दावा किया कि मूर्ति दूध पी रही है। यह अफवाह कुछ ही देर में काफी दूर तक फैल गई। कई जिलों में स्थित शिव मंदिर पर भी लोग पहुंच गए और वहां भी दूध पिलाने लगे। जानकारों ने कहा कि ये आस्था का विषय है, कुछ लोगों को ऐसा लगा होगा कि नंदी दूध पी रहे हैं पर ऐसा है नहीं।
