रॉबिन उथप्पा हुए सम्मानित


कोझिकोड। क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा को गुरुवार को क्रिकेट के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए आइआइएम कोझिकोड के नेशनल एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह इस अवार्ड का तीसरा एडिशन है। इससे खेल की दुनिया में योगदान के लिए प्रख्यात हस्तियों को प्रतिवर्ष सम्मानित किया जाता है। इसके बाद कालीकट हाफ मैराथन का आयोजन होता है। आइआइएम कोझिकोड के अनुसार पहली बार यह आयोजन 9-11 अप्रैल तक पूरी तरह से वर्चुअली होने जा रहा है। पुरस्कार प्रदान करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. देबाशीस चटर्जी ने उथप्पा के क्रिकेट के खेल में योगदान को याद किया और बताया कि उन्होंने संयम और दृढ़ संकल्प से कैसे अपनी टीम को आगे बढ़ाया।
प्रेस रिलीज के अनुसार आइआइएम कोझिकोड के निदेशक ने 2007 टी.20 विश्व कप में लीग स्टेज में खेले गए भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को याद करते हुए रॉबिन उथप्पा को सराहा। यह मैच टाई हो गया था। इसके बाद बॉल आउट से इसका परिणाम निकला जिसे भारत ने जीत लिया। उथप्पा उन तीन खिलाड़ियों में शामिल हैं  जिन्होंने बॉल आउट के दौरान स्टंप को हिट किया था। इसके बाद उन्होंने अपनी टोपी निकालकर दर्शकों का अभिवादन किया था। आइआइएम कोझिकोड के निदेशक ने इसे याद करते हुए क्रिकेट का सबसे यादगार घटना बताया। इससे पहले पैरालम्पियन और अर्जुन अवार्डी दीपा मलिक और प्रसिद्ध पहलवान बबीता कुमारी फोगट को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.