बोपन्ना और डोडिग की जोड़ी शंघाई मास्टर्स के दूसरे दौर में
शंघाई। भारत के रोहन बोपन्ना और क्रोएशिया के उनके जोड़ीदार इवान डोडिग ने शुक्रवार को यहां पाब्लो कैरेनो बुस्टा और पेड्रो मार्टिनेज पर सीधे सेटों में जीत के साथ एटीपी शंघाई मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष युगल के दूसरे दौर में जगह बनाई।
बोपन्ना और डोडिग की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने 63 मिनट तक चले शुरुआती दौर के मैच में 6.4, 6.3 से जीत हासिल की। इस तरह से इन दोनों ने जोड़ी बनाने के बाद अपने पहले मैच में ही जीत दर्ज की। बोपन्ना और डोडिग ने पांच ऐस लगाए और आठ ब्रेक प्वाइंट में से तीन को भुनाया। उन्होंने अपने सर्विस गेम में चार बार ब्रेक प्वाइंट के मौके भी बचाए और मैच में केवल एक बार सर्विस गंवाई।
सुमित नागल और रामकुमार रामनाथन दोनों के पहले दौर में बाहर होने से भारत की एकल में चुनौती पहले ही समाप्त हो चुकी है। रामकुमार ने क्वालीफाइंग राउंड से मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई थी जबकि नागल को सीधे प्रवेश मिला था।
