बाल-बाल बचे इमरान खान
इस्लमाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को ले जा रहा एक विमान शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गया। डेली पाकिस्तान की रिपोर्ट के अनुसार इमरान खान शनिवार को एक रैली को संबोधित करने के लिए गुजरांवाला जा रहे थे। इस दौरान विमान संतुलन खोने लगा जिसके बाद पायलट ने आनन-फानन में कंट्रोल टॉवर से संपर्क किया और विमान को इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारने में कामयाब रहा। हालांकि, बाद में उन्होंने सड़क मार्ग से गुजरांवाला की यात्रा की।
गुजरांवाला पहुंचते ही पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष ने लोगों को संबोधित किया और चेतावनी दी कि अगर देश और अर्थव्यवस्था को मौजूदा सरकार के तहत बचाना है तो आवाज उठाएं। जिन्ना स्टेडियम में उन्होंने कहा कि मैं उन लोगों को संबोधित कर रहा हूं जिनके पास ताकत है। उन्होंने कहा कि मैं सरकार से पूछना चाहता हूं कि यह सरकार किस तरह इस देश और अर्थव्यवस्था को नीचे ले जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इमरान खान ने एक बार फिर पाकिस्तान में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की अपनी मांग को दोहराया है ओैर साथ ही चेतावनी दी कि अगर सरकार ऐसा नहीं करती है तो उनके आह्वान पर शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर उतरकर विरोध किया जाएगा या फिर जबरन चुनाव करवाया जाएगा। बता दें कि इमरान खान एक महिला जज के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के लिए अदालत की अवमानना के आरोपों का सामना कर रहे हैं। कोर्ट ने इमरान के खिलाफ अवमानना के मामले में उनके जवाब को असंतोषजनक बताते हुए अभियोग तय करने का फैसला किया है।
