गाजा में स्कूल पर इजराइली हमला, 93 लोगों की मौत

इजरायल और गाजा के बीच युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार सुबह इजरायल ने फिर से गाजा पर हमला किया। इस हमले में 93 लोग मारे गए हैं । गाजा के दाराज जिले में एक स्कूल पर शनिवार सुबह हमला हुआ। इसमें 93  लोग मारे गए हैं। अलजजीरा के मुताबिक मरने वालों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। इस स्कूल में कई लोगों ने शरण ले रखी थी। सुबह की नमाज पढ़ने के दौरान यह हमला हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक एक के बाद एक 3 रॉकेट स्कूल पर गिरे। इससे वहां आग लग गई। इजराइली सेना का दावा है कि अल-तबीन स्कूल का इस्तेमाल हमास ऑफिस के तौर पर किया जा रहा था। उसमें हमास के कई आतंकी मौजूद थे। हमला आम नागरिकों पर नहीं किया गया है।
इजराइली डिफेंस फोर्स ने कहा कि हमले से पहले नागरिकों को कम से कम नुकसान पहुंचे इसके लिए उन्होंने कई कदम उठाए थे। इलाके की हवाई निगरानी की गई थी। साथ ही वहां मौजूद इजराइल के इंटेलिजेंस सोर्स के जरिए भी जानकारी इकट्ठा की गई थी।
विदित हो कि इजरायल ने एक हफ्ते में गाजा के चार स्कूलों पर हमला किया है। 4 अगस्त को गाजा शहर में विस्थापित लोगों के लिए आश्रय के रूप में काम करने वाले दो स्कूलों पर इजरायली हमला हुआ है जिसमें 30 से ज्यादा लोग मारे गए थे और अन्य कई लोग घायल हो गए थे। इससे पहले गाजा शहर में हमामा स्कूल पर इजरायली सेना ने हमला किया जिसमें 17 से ज्यादा लोग मारे गए थे। फिर 1 अगस्त को दलाल अल-मुगराबी स्कूल पर इजरायली सेना ने हमला किया जिसमें 15 से ज्यादा लोग मारे गए थे। इजरायली सेना ने हर हमले के बाद यह दावा किया है कि परिसर में आतंकवादी हैं जो हमास कमांडर कंट्रोल सेंटर के रूप में काम कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.