हटाए गए मुंगेर एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो

पटना। हाईकोर्ट के आदेश पर मुंगेर के एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो सहित बिहार के तीन आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। मुंगेर एसपी अब समस्तीपुर के एसपी का कार्यभार संभालेंगे। वहीं समस्तीपुर के एसपी विकाल वर्मन को पटना रेल का एसपी बनाया गया है। इसके अलावा पटना रेल के एसपी जगुनाथरेड्डी जलारेड्डी को मुंगेर के एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गृह विभाग ने इसे लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। इससे पहले 11 अप्रैल को 13 पुलिसवालों का ट्रांसफर किया गया था। सात अप्रैल को पटना हाईकोर्ट ने पिछले साल दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए गोलीकांड में मारे गए अनुराग पोद्दार के परिजनों की याचिका पर सुनवाई करते हुए जांच से संबंधित सभी पुलिसवालों के ट्रांसफर का निर्देश दिया था। कोर्ट ने सीआईडी को चार हफ्ते के अंदर बंद लिफाफे में अपनी जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा था। मुंगेर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान उपद्रव की घटना हुई थी। इस घटना में गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई थी जबकि कई लोग घायल हुए थे। इसके बाद मुंगेर की तत्कालीन एसपी लिपि सिंह की जगह मानवजीत सिंह ढिल्लो को जिले की कमान सौंपी गई थी।
