बूथ के अंदर से मतपेटिका लूट ले गए उपद्रवी


आगरा। यूपी पंचायत चुनाव के पहले चरण में आगरा जिले में बवाल हो गया। यहां फतेहाबाद तहसील के रिहावली मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय के एक बूथ से उपद्रवी दो मतपेटिका लूट ले गए। बताया जा रहा है यहां पहले फर्जी वोटिंग को लेकर दो पक्षों के समर्थक आमने-सामने आए थे। इसी दौरान मतपेटी लूट की वारदात हो गई। मतपेटी लूट की जानकारी मिलते ही पुलिस फोर्स सहित जिला अधिकारी और एसएसपी मौके पर पहुंचे।
उधर एक अन्य घटना में झांसी जिले के ककरबई थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव कैरोखर में बनाए गए बूथ संख्या 1, 2 पर जमकर उपद्रव हुआ। मतदान केन्द्र पर रखे बैलेट पेपर फाड़ डाले। कुर्सियां तोड़ डाली। यहीं नहीं आक्रोशित लोगों ने जमकर पथराव किया जिससे केन्द्र पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं कई घंटे मतदान बाधित रहा। घटना के बाद केन्द्र छावनी में तब्दील हो गया। करीब एक घंटे के बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा मतदान शुरू हुआ। ककरबई के गांव कैरोखर में बूथ नंबर 1 व 2 बनाए गए थे। गुरुवार को भोर से यहां मतदान हुआ। कुछ संख्या में ग्रामीण ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तभी करीब 11.30 बजे कुछ संख्या में लोग मतदान केन्द्र के अंदर आ गए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता उन्होंने कर्मचारियों से अभद्रता की। विरोध करने वह और आक्रोशित हो गए। उन्होंने जमकर बवाल काटा। बेलेट पेपर फाड़ डाले। कर्मचारियों के लिए रखी गई कुर्सियां तोड़ डाली। यही नहीं उन्होंने मतपेटिया उठाने का भी प्रयास किया। उनमे पानी भर दिया। आनन-फानन में केन्द्र पर तैनात फोर्स ने आला अफसरों को खबर की। सूचना पर पहुंचे एसपी ग्रामीण नेपाल सिंह ने पुलिस बल के साथ घटना स्थल का जायजा लिया। वहीं फोर्स ने उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ डाला।

Leave A Reply

Your email address will not be published.