दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू का किया ऐलान

नई दिल्ली।राजधानी दिल्ली में कोरोना महामारी को काबू करने के लिए आम आदमी पार्टी सरकार ने गुरुवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक वीकेंड कर्फ्यू लगा दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वीकेंड में होने वाली सोशल गैदरिंग और कोरोना की चेन तोड़ने के लिए यहां वीकेंड कर्फ्यू लगाया जा रहा है। केजरीवाल ने कहा कि ये पाबंदी लोगों की सुरक्षा के लिए हैं।
केजरीवाल ने कहा कि वीकेंड कर्फ्यू के दौरान दिल्ली में मॉल, स्पा, जिम, ऑडिटोरियम आदि सब पूरी तरह से बंद रहेंगे लेकिन सिनेमा हॉल 30 प्रतिशत क्षमता के साथ चल सकेंगे। इसके साथ ही हर जोन में एक दिन में केवल एक साप्ताहिक बाजार को अनुमति दी जाएगी। बाजारों में ज्यादा भीड़भाड़ न हो इसके लिए भी खास इंतजाम किए जा रहे हैं। रेस्टोरेंट में अब बैठकर खाने की इजाजत नहीं होगी, केवल होम डिलीवरी की अनुमति होगी। आवश्यक सेवाएं पहले की तरह ही जारी रहेंगी। आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों और शादियों के लिए लोगों को कर्फ्यू पास जारी किए जाएंगे। लोग आज से ही पास के लिए आवेदन कर सकते हैं। हॉस्पिटल, एयरपोर्ट, बस और रेलवे स्टेशन जाने वालों को वीकेंड कर्फ्यू के दौरान छूट रहेगी। इसके लिए पास लेना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा युवाओं से निवेदन है कि जब भी आप घर से बाहर निकलें तो कोविड दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने कहा कि लोगों को कई तरह की जिम्मेदारी के लिए घर से निकलना पड़ता है लेकिन जब ज्यादा जरूरी हो तभी बाहर निकलें। घर से निकलने पर सारे कोविड प्रोटोकॉल को फॉलो करें क्योंकि अपनी सुरक्षा अपने हाथ में हैं।
