कोरोना संकट : 18 को कड़े फैसले ले सकती है सरकार

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बिहार में बढ़ते कोरोना के मामले को लेकर सचिवालय स्थित सभा कक्ष में एक सर्वदलीय बैठक की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के क्रम में उन्होंने संकेत दिए कि कोरोना को लेकर सरकार कुछ कड़े फैसले ले सकती है। उन्होंने कहा कि मामले हर रोज बढ़ रहे हैं। रविवार का दिन कड़े फैसले के लिए महत्वपूर्ण होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शुक्रवार की शाम तक जो रिपोर्ट है उसके अनुसार गुरुवार की तुलना में मामले बढ़े हुए हैं। लॉकडाउन के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शनिवार को राज्यपाल की अध्यक्षता में होने वाली सर्वदलीय बैठक में कोरोना मामले में राज्य की पूरी स्थिति तथा सरकार द्वारा किए गए काम को रखा जाएगा। सभी दलों के प्रतिनिधियों को सुना जाएगा। उनकी जो राय होगी उस पर निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन या कुछ अन्य निर्णय के बारे में अभी कुछ कह नहीं सकते। सर्वदलीय बैठक के अगले दिन पुन: जिलों के अधिकारियों के साथ एक बैठक होगी। उक्त बैठक में आयी बात के आधार पर ही कोई निर्णय होगा। ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी के बारे में जब मुखयमंत्री से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इसके समाधान बारे में सभी बातें हो चुकी हैं। सर्वदलीय बैठक में इस पर भी बात होगी।बिहार में कोरोना वायरस के संकट से निबटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार शनिवार को बुलाई गई राज्यपाल फागू चौहान की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक के एक दिन पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी संबंधित विभागों के शीर्ष अधिकारियों की बैठक बुलाई। इस दौरान कोरोना संक्रमण के हालात, अस्पतालों में बेडों की संख्या, ऑक्सीजन की आपूर्ति एवं इलाज की व्यवस्था आदि की समीक्षा की गई।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सायं 4.30 बजे हुई बैठक में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाडेय सहित सभी संबंधित विभागों के मंत्री व अधिकारी उपस्थित थे।
