कोरोना की चपेट में आए दिल्ली के एलजी अनिल बैजल
खुद को किया होम आइसोलेट
नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना का कहर लगातार जारी है। अब उपराज्यपाल अनिल बैजल कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। कोविड- 19 टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उपराज्यपाल ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। हालांकि उनमें हल्के लक्षण हैं। उपराज्यपाल ने खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी है।
बैजल ने ट्वीट कर बताया कि हल्के लक्षणों के साथ आज मेरी कोविड टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लक्षणों की शुरुआत के बाद से मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है और उन सभी से जो मेरे साथ संपर्क में थे उनके टेस्ट किए गए हैं। मैं अपने घर से ही काम करते हुए दिल्ली में हो रहे कामों की निगरानी करना जारी रखूंगा।
विदित हो कि दिल्ली में गुरुवार को कोरोना संक्रमण के 24,235 नए मामले सामने आने के साथ ही दिल्ली में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 11,22, 286 तक पहुंच गई है। शहर में संक्रमण की दर 32.82 दर्ज की गई। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली में गुरुवार को कोविड- 19 के 395 मरीजों की मौत हो गई जोकि पिछले साल महामारी की शुरुआत के बाद से एक दिन की सर्वाधिक संख्या है। शहर में अब तक 15, 772 लोग इस महामारी के कारण जान गंवा चुके हैं। दिल्ली में लगातार आठवें दिन संक्रमण के कारण 300 से अधिक मरीजों की मौतें दर्ज की गईं। बुलेटिन के मुताबिक राजधानी में अब तक 10.08 लाख से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि वर्तमान में 97, 977 एक्टिव केस हैं।
