राज्यपाल के दौरे पर ममता ने जताई आपत्ति

कोलकाता। बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ द्वारा चुनाव नतीजों के बाद हुई हिंसा से प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर जाने एवं असम में भी शरण लिए लोगों से जाकर मुलाकात करने की घोषणा पर बुधवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ी आपत्ति जताई। ममता ने इस निर्णय के लिए राज्यपाल की कड़ी आलोचना करते हुए उनपर मुख्यमंत्री और राज्य मंत्रिमंडल की अवहेलना करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल लंबी परंपरा व प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर रहे हैं।
ममता ने इस बाबत राज्यपाल को पत्र लिखकर इस दौरे से परहेज करने की अपील की है।बता दें कि राज्यपाल 13 मई गुरुवार को कूचबिहार जिले के हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे और 14 मई को असम के रणपगली और श्रीरामपुर कैंप में शरण लिए बंगाल के लोगों से मुलाकात करेंगे। राज्यपाल ने खुद ट्वीट कर कहा कि वह बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से हिंसा प्रभावित इलाके का दौरा करेंगे। राज्यपाल को लिखे पत्र में ममता ने कहा कि राज्यपाल के सचिव राज्यपाल का दौरा जिला और राज्य सरकार के अधिकारियों के परामर्श से निश्चित करते हैं। लेकिन उन्हें इंटरनेट मीडिया से जानकारी मिली है कि वह (राज्यपाल) 13 मई को जिलों का दौरा कर रहे हैं। यह लंबी परंपरा का उल्लंघन है। वह आशा करती हैं कि राज्यपाल लंबे समय से चले आ रहे प्रोटोकॉल का पालन करेंगे। ममता ने अपने पूर्व पत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि वह (राज्यपाल)  मुख्यमंत्री और राज्य मंत्रिमंडल की अवहेलना कर सीधे अधिकारियों से बात करना बंद करें। आप नियमों की अवहेलना कर रहे हैं और सीधे अधिकारियों के साथ बात कर रहे हैं। उनसे रिपोर्ट तलब कर रहे हैं। वह आग्रह करती हैं कि कृपया इस तरह से बर्ताव से खुद को अलग रखें और वह इस संबंध में मुख्य सचिव को भी निर्देश दे रही हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.