पर्यावरणविद् सुंदरलाल बहुगुणा के फेफड़ों में संक्रमण
देहरादून। एम्स के कोविड आइसीयू वॉर्ड में भर्ती प्रख्यात पर्यावरणविद् सुंदरलाल बहुगुणा के फेफड़ों में संक्रमण पाया गया है। एनआरबीएम मास्क के माध्यम से वह आठ लीटर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखे गए हैं और एम्स के चिकित्सकों की टीम उनका गहन उपचार कर रही है।
कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टरों की टीम ने मंगलवार को पर्यावरणविद् सुंदरलाल बहुगुणा की हृदय संबंधी विभिन्न जांचें की थीं। इसके अलावा उनके दांए पैर में सूजन आने की शिकायत पर उनकी डीवीटी स्क्रीनिंग भी की गई थी। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते हुए एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल ने बताया कि जांचों के बाद उनके फेफड़ों में संक्रमण पाया गया है। उनका इको और एचआरसीटी टेस्ट भी किया गया। उन्होंने बताया कि लंबे समय से उनका घर में बिस्तर पर ही इलाज चल रहा था, ऐसे में उनके शरीर में बेड सोर उभर गए हैं। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें एनआरबीएम मास्क द्वारा आठ लीटर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है और बुद्धवार को उनका सेचुरेशन लेवल 95 प्रतिशत पाया गया। उन्होंने बताया कि कोविड आइसीयू वार्ड में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
