जहरीली शराब कांड में अबतक 33 गिरफ्तार
अलीगढ़। अलीगढ़ में जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस प्रशासन की कार्रवाई जारी है। कई अवैध शराब फैक्ट्रियों पर छापेमारी की गई है। जिले में बीते चार दिनों में ताबड़तोड़ कार्रवाई के तहत 33 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। इनमें तीन हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं। साथ ही तीन फैक्ट्रियों को सील किया गया है। ये जानकारी अलीगढ़ के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने दी।
गौरतलब है कि अलीगढ़ में जहरीली शराब के कहर ने जिले में 84 लोगों को अपना शिकार बनाया है। हालांकि, सीएमओ ने अब तक 25 मौतों की पुष्टि करते हुए अन्य मौतों को संदिग्ध बताया। वहीं, अभी भी कई ऐसे हैं जिनकी हालत जहरीली शराब के पीने से गंभीर हुई है। दूसरी तरफ सरकार ने शराब कांड में लापरवाही उजागर होने पर संयुक्त आबकारी आयुक्त आगरा व उप आबकारी आयुक्त अलीगढ़ मंडल को निलंबित करते हुए जांच बैठा दी है।
इससे पहले शराब कांड का मुख्य आरोपी विपिन यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इस पर पचास हजार रुपये का इनाम था। पूछताछ के बाद पुलिस ने कई जगह छापेमारी की है। विपिन की निशानदेही पर पुलिस ने अकराबाद थाना क्षेत्र के अधौन गांव में एक अवैध शराब फैक्ट्री पर छापा भी मारा। इस दौरान भारी तादाद में शराब बनाने का सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने 50 बोतल बिना रैपर शराब, 70 से 100 पेटी शराब, 5 ड्रम केमिकल, 8 ड्रम खाली ढक्कन, रैपर व अन्य सामान भी बरामद किया है।
