एंटीलिया केस : विस्फोटक मामले में दो और गिरफ्तार

मुंबई। उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर यानी एंटीलिया के बाहर से बरामद हुई विस्फोटक से भरी स्कॉर्पियो मामले में एनआईए ने आज दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। मुंबई के मलाड के कुरार गांव से पकड़े गए इन लोगों पर इस मामले में गिरफ्तार पूर्व एपीआई सचिन वझे तक जिलेटिन की छड़ों को पहुंचाने का आरोप है।
बताया जाता है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों संतोष शेलार और आनंद जाधव को मंगलवार को स्थानीय एनआईए कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने इन्हें 21 जून तक के लिए एनआईए की कस्टडी में भेज दिया है। स्कॉर्पियो विस्फोटक बरामदगी मामले में एनआईए की यह सातवीं गिरफ्तारी है। इससे पहले सचिन वझे, रियाज काजी,  पूर्व इंस्पेक्टर सुनील माने, पूर्व कॉन्स्टेबल विनायक शिंदे और क्रिकेट बुकी नरेश गोरे को अरेस्ट किया था।
एनआईए सूत्रों की मानें तो उन्हें मनसुख हिरेन की हत्या में भी संतोष शेलार और आनंद जाधव का हाथ होने का शक है। हालांकि अभी तक कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। विदित हो कि 25 फरवरी को दक्षिण मुंबई के पैडर रोड स्थित एंटीलिया से 300 मीटर की दूरी पर विस्फोटक से भरी एक स्कॉर्पियो गाड़ी खड़ी मिली थी। कार में 20 जिलेटिन की छड़ें और एक धमकी भरा लेटर बरामद हुआ था। 5 मार्च को इसके मालिक मनसुख हिरेन का शव रेती बंदर की खाड़ी से बरामद हुआ था जिसके बाद महारष्ट्र एटीएस ने इसमें हत्या का मामला दर्ज किया और 2 लोगों को अरेस्ट किया था। इसके बाद इस केस में एनआईए की एंट्री हुई और 13 मार्च को सचिन वझे को अरेस्ट किया गया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.