भाजपा से दुश्मनी का इरादा नहीं : चिराग
पूर्वी चंपारण। पशुपति कुमार पारस को केंद्र सरकार में केंद्रीय मंत्री बनाए जाने के बाद भी लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान को भाजपा से दुश्मनी करने का इरादा नहीं है। उनके निशाने पर सिर्फ राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जदयू हैं। पश्चिमी चंपारण में जहरीली शराब से 16 लोगों की मौत के बाद उनके परिजनों से मिलने जा रहे चिराग मोतिहारी में थोड़ी देर के लिए रुके।
इस दौरान उन्होंने कचहरी चौक स्थित अंबेडकर भवन परिसर में अंबेडकर जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया। उनके साथ लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह गोविंदगंज के पूर्व विधायक राजू तिवारी भी थे। उन्होंने कहा कि जब उनके अपने चाचा ने गद्दारी कर दी तो वे भाजपा के खिलाफ क्या बोले। राज्य में जिस सुशासन का दावा किया जाता है मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से यात्रा कर हकीकत जान लें। उन्होंने कहा कि राज्य में शराबबंदी लागू होने के बाद इसकी तस्करी बढ़ गई है। जहरीली शराब बनने लगी और इसके सेवन से लोग मर रहे हैं। पश्चिम चम्पारण इसका उदाहरण है। सुशासन नाम की कोई चीज नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष सह गोविंदगंज के पूर्व विधायक राजू तिवारी ने कहा कि राज्य में सरकार के मुखिया सिर्फ हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं उन्हें जमीन पर उतरकर स्थिति का आकलन करना चाहिए। दावे हकीकत से कोसों दूर है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष धरनीधर मिश्रा समेत कई लोग मौजूद थे। उनके आगमन पर जिले में जगह.जगह स्वागत किया गया। सुगौली में छपवा चौक पर पूर्वमंत्री विजय प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का भव्य स्वागत किया गया। उनके पहुंचते ही लोगो ने फूल माला पहनाया। अध्यक्ष श्री पासवान ने लोगो का अभिनन्दन करते हुए कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का काम करना है। गरीब, दलित, महादलित,मजदूर व अकलियत के लोगों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लोजपा तब तक लड़ेगी जब तक उनका हक उनको मिल नही जाता ।
