चिनूक को तिरंगा दिखाकर किया विदा
बक्सर। बक्सर के राजपुर प्रखंड में मानिकपुर गांव के हाईस्कूल के पास मैदान में इमरजेंसी लैंडिंग करने वाले चिनूक हेलिकॉप्टर ने चौथे दिन उड़ान भरी। चिनूक के उड़ते ही लोग भारत माता की जय के नारे लगाने लगे और तिरंगा दिखा हेलिकॉप्टर को विदा किया।
बताया जाता है कि पिछले तीन दिन से चिनूक हेलिकॉप्टर को देखने के लिए लोगों के आने का सिलसिला जारी था।यूपी से भी लोग मानिकपुर गांव पहुंच रहे थे। लोगों की भीड़ के कारण मानिकपुर में मेले जैसा नजारा दिख रहा था। इसके चलते यहां चाट.पकौड़ी और समोसे.जलेबी की दुकानें भी सज गई थीं। वायुसेना के चिनूक हेलिकॉप्टर की बुधवार शाम करीब 5 बजे इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। वायुसेना का यह चिनूक हेलिकॉप्टर इलाहाबाद से बिहटा एयरफोर्स स्टेशन के लिए निकला था, लेकिन इंजन में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण बक्सर में इसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। चॉपर में तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए 3 दिन से 50 से ज्यादा वायु सैनिक मानिकपुर में जमे थे। उन्हें मानिकपुर हाईस्कूल में ठहराया गया था जहां उनके खाने-पीने से लेकर तमाम इंतजाम गांव के लोगों ने किए थे। इस सम्मान से वायु सैनिक बेहद खुश दिखे। उन्होंने कहा कि जिस तरह का स्नेह ग्रामीणों से मिला है उसे भुलाया नहीं जा सकता।
