नीतीश ने की पीएम से मुलाकात कृषि कानूनों का किया समर्थन

नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। नीतीश ने गुरुवार को तीन कृषि कानूनों के समर्थन में कहा कि वह सरकार के साथ हैं और कानून किसानों के हित के लिए हैं न कि उनके खिलाफ। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने आंदोलन खत्म करने के लिए किसानों के साथ बातचीत करने का सही रास्ता अपनाया है।
मोदी से मिलने के बाद नीतीश ने मीडिया से कहा कृषि कानूनों का उद्देश्य किसानों को लाभ पहुंचाना है और ये उनके खिलाफ नहीं हैं। कानून वापसी की मांग के साथ पिछले साल 26 नवंबर से ही विरोध कर रहे किसानों के बारे में सवाल पूछे जाने पर नीतीश ने कहा सरकार के साथ हैं और सरकार ने बातचीत करके सही रास्ते का विकल्प चुना है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही समाधान निकाले जाने के प्रति आशान्वित हैं। नीतीश से एक अन्य सवाल पूछा गया कि जनता दल.युनाइटेड को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने पर कोई चर्चा हुई या नहीं इस पर मुख्यमंत्री ने कहा मंत्रिमंडल पर कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने एक फरवरी को संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट की भी सराहना की और कहा कोविड महामारी के प्रभाव के बावजूद बजट बहुत अच्छा है। उन्होंने कहा हम राज्य में एक अच्छा बजट लाएंगे।
