यूपी में बीजेपी के चुनाव प्रभारी बने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान

लखनऊ। 2022 विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तरप्रदेश में राजनीतिक तैयारियां शुरू हो गई है और इसी बात को लेकर भाजपा ने  केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को यहां का चुनाव प्रभारी नियुक्त कर दिया है।

  बताया जता है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर सह.प्रभारियों के नामों का भी ऐलान किया गया है। अनुराग ठाकुर, सरोज पांडे,  अर्जुन राम मेघवाल,  कैप्टेन अभिमन्यु,  अन्नपूर्णा देवी,  विवेक ठाकुर और शोभा करंदलाजे को यूपी चुनाव का सह.प्रभारी बनाया गया है। यूपी प्रभारी बनाए जाने के साथ-साथ संगठनात्मक नियुक्तियां भी की गई है। बीजेपी के 6 संगठनात्मक क्षेत्रीय प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं जिनमं पश्चिम उत्तर प्रदेश का जिम्मा संजय भाटिया को दिया गया है। इसी तरह ब्रज क्षेत्र में संजीव चौरसिया, अवध क्षेत्र वाय सत्या कुमार, कानपुर क्षेत्र सुधीर गुप्ता, गोरखपुर क्षेत्र अरविंद मेनन और काशी क्षेत्र का जिम्मा सुनील ओझा के हाथों में सौंपा गया है।

  यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने यूपी विधानसभा चुनाव में नेतृत्व द्वारा दी गई नई जिम्मेदारियों के लिए संगठन के नए पदाधिकारियों को बधाई देते हुए ट्वीट किया कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए आप सभी को चुनाव प्रभारी व सह प्रभारी नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। निश्चित ही आप सभी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में भाजपा को भारी बहुमत से विजय प्राप्त होगी।

 सूत्रो से मिली जानकारी के अनुसार बीजेपी के बूथ विजय अभियान की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 11 सितंबर को करेंगे। जेपी नड्डा प्रदेश के 27,700 शक्ति केंद्रों में से किसी एक पर खुद जाएंगे। अन्य शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ताओं को वर्चुअल रूप से संबोधित करेंगे। बीजेपी का बूथ विजय अभियान विधानसभा चुनाव तक तीन चरणों में चलेगा। पहले चरण में बूथ समितियों का सत्यापन के साथ-साथ पन्ना प्रमुखों के लिए अभियान चलेगा। दूसरे चरण में वोटर के बीच संपर्क सदस्यता अभियान और मतदाता सूची ठीक करना और लाभार्थियों से मिलना होगा। तीसरे चरण में बूथ पर्ची सत्यापन करना और वोटर को मतदान केंद्र तक लाने को शामिल किया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.