झारखंड में धार्मिक स्थल खोलने पर अगले हफ्ते होगा विचार

रांची। झारखंड में  कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण को लेकर लागू छूट व पाबंदियां फिलहाल एक हफ्ते तक यथावत रहेंगी। बुधवार को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार की उच्च स्तरीय समिति की बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद अगले हफ्ते धार्मिक स्थल खोलने के संबंध में सरकार निर्णय लेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आपदा प्रबंधन सचिव को यह निर्देश दिया है कि वे मंदिर खोलने से संबंधित सर्वोच्च न्यायालय के आदेश की प्रति प्रस्तुत करें, ताकि उसके अध्ययन के बाद निर्णय लिया जा सके।

 ज्ञातव्य हो कि विपक्षी दल भाजपा देवघर के बैद्यनाथ धाम मंदिर खोलने के लिए लगातार सरकार पर दबाव बना रही है। इसे लेकर देवघर के व्यवसायी भी कई बार विरोध.प्रदर्शन कर चुके हैं। वहीं, देवघर के पंडा-पुजारियों ने सुप्रीम कोर्ट में भी एक याचिका दाखिल कर रखी है। बैठक में आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता,  मुख्य सचिव सुखदेव सिंह,  अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह,  मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव वित्त विभाग अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव ग्रामीण विकास अबु बकर सिद्दीकी उपस्थित थे।

 मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद आपदा प्रबंधन सचिव अमिताभ कौशल ने बताया कि कोविड- 19 के परिप्रेक्ष्य में सभी पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का भी अध्ययन किया जाएगा। आदेश की प्रति मिलने के बाद अगले सप्ताह बैठक कर राज्य में लागू अनलाक व्यवस्था में छूट व प्रतिबंध के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.