बीरभूम में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला, टीएमसी का हमले से इनकार


कोलकाता।बंगाल के बीरभूम जिले में फिर परिवर्तन यात्रा से लौटते समय भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया जिसमें कई लोग घायल हो गए। आरोप तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं व समर्थकों पर लगा है। वहीं, तृणमूल का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ता भड़काऊ बाते बोल रहे थे और विरोध करने पर उन्हीं लोगों ने हमला किया है। घायलों को बोलपुर अस्पताल में भर्ती कराय गया है।

बताया जाता है कि शुक्रवार की रात इलमबाजार थाना क्षेत्र के खादिमपुर गांव में परिवर्तन यात्रा से भाजपा कार्यकर्ता घर लौट रहे थे। कथित तौर पर उसी समय उन पर तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हमला कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं को बुरी तरह से पीटा गया। कुछ लोगों का सिर फट गया।
इधर आरोप है कि उसी समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी हमला किया जिसमें तृणमूल के भी कुछ लोग जख्मी हो गए। कहा जा रहा है कि शनिवार को भी कुछ घरों में तोड़फोड़ की गई है। इलाके में पुलिस तैनात है। दो दिन पहले इसी जिले के साइंथिया इलाके में परिवर्तन यात्रा से लौटते समय भाजपा के दो कार्यकर्ताओं पर गर्म पानी फेंका गया था जिसमें संतू डोम और माखन डोम नामक दो कार्यकर्ता झुलस गए थे। वे दोनों अब भी अस्पताल में भर्ती है। इससे पहले भाजपा की परिवर्तन यात्रा गुरुवार को बीरभूम जिले के सांइथिया में पहुंचने वाली थी इससे पहले भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हो गई जिसमें दोनों पक्षों के छह लोग जख्मी हो गए।

आरोप है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने भाजपा के दो कार्यकर्ताओं पर गर्म पानी फेंक दिया जिससे वे दोनों झुलस गए। दोनों को बोलपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि तृणमूल का आरोप है कि भाजपाइयों ने उनके चार कार्यकर्ताओं की पिटाई कर जख्मी कर दिया। वे चारों भी बोलपुर अस्पताल में भर्ती हैं। साइंथिया थाने की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.