सरकार घर तक पहुंचाएगी सस्ता राशन : भगवंत मान

चंडीगढ़। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले के तहत राज्य में अब लोगों को राशन लेने के लिए डिपो जाने की जरूरत नहीं होगी। पंजाब सरकार उनके घर खुद राशन पहुंचाएगी। सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को मजदूरी छोड़कर या घंटों इंतजार कर राशन डिपो पर धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। मान ने कहा कि वह जरूरतमंदों को अच्छा राशन उपलब्ध कराएंगे।
सीएम  मान ने कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी लोगों को अपने हिस्से का राशन लेने के लिए लंबी लाइनों पर खड़े होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तौर पर सब चीजें घर पहुंच जाती हैं। कई बार तो गरीब आदमी को राशन के लिए दिहाड़ी छोड़नी पड़ जाती है। उन्होंने कहा कि यह बड़े दुख की बात है। मैं बुजुर्ग माताओं को भी जानता हूंए जो 2 किमी दूर डिपो से राशन लाती हैं। फिर उसकी सफाई करती हैं। कई बार खाने लायक न होने पर भी उन्हें यह राशन खाना पड़ता है। अब इन सबसे छुटकारा मिलेगा।
सीएम मान ने कहा कि हमने फैसला किया है कि हम आपके घर तक राशन पहुंचाएंगे। राशन की डोर स्टेप डिलीवरी होगी। साफ बोरियों में आटा, गेहूं और दाल पहुंचाएंगे। लोगों को दिहाड़ी छोड़ने या लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी। अफसर जरूर फोन कर पूछेंगे कि आप कितने बजे घर पर होंगे। वह उसी वक्त आकर आपको राशन देकर जाएंगे। यह व्यवस्था वैकल्पिक होगी। अगर डिपो नजदीक है तो आप वहां से भी अपने हिस्से का राशन ला सकते हैं। अगर कहीं राशन में कमी आती है तो हमें बताएं। भगवंत मान ने कहा कि यह स्कीम दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार ने भी लागू किया था लेकिन बदकिस्मती से उन्हें रोक दिया गया। पंजाब में इस स्कीम को लागू करने जा रहे हैं। इसे हम कामयाब करके दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि लोग सरकार चुनते हैं तो फिर उन्हें सहूलियत पाने का हक है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.