केंद्रीय कैबिनेट से मुख्तार और आरसीपी का इस्तीफा
सिंधिया और स्मृति को मिला प्रभार
नई दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। बुधवार को हुई कैबिनेट मीटिंग के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दिया। नकवी के साथ केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने भी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। दोनों का राज्यसभा कार्यकाल गुरुवार को खत्म हो रहा है।
दोनों मंत्रियों के इस्तीफे के बाद नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को इस्पात मंत्रालय और कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी को अल्पसंख्यक मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इधर, नकवी को उपराष्ट्रपति कैंडिडेट बनाए जाने की चर्चा है। नकवी को भाजपा ने पिछले दिनों हुए राज्यसभा के चुनाव में उम्मीदवार नहीं बनाया था तब से ही कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी उन्हें किसी बड़ी भूमिका में लाना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक उन्हें एनडीए की तरफ से उपराष्ट्रपति पद का कैंडिडेट बनाया जा सकता है। नकवी अभी तक केंद्र सरकार में मंत्री रहे हैं साथ ही वे राज्यसभा में भाजपा संसदीय दल के उपनेता भी थे।
