सीएम नीतीश ने किया झंडोत्तोलन
पटना। आजादी के 75वें वर्षगांठ पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान में झंडोत्तोलन किया। सीएम नीतीश कुमार के साथ डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी इस अवसर पर मौजूद थे। सीएम नीतीश कुमार ने ध्वजारोहण से पहले परेड का निरीक्षण किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
ध्वजारोहण के बाद नौ विभागों की झांकियां निकाली गईं। सुरक्षा को देखते हुए 51 स्थानों पर 85 मजिस्ट्रेट व पुलिस की तैनाती की गई। पटना के गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस पर झांकियों का प्रदर्शन बेहद खूबसूरत रहा। झांकियों का अच्छा प्रदर्शन करने पर पुरस्कृत किया गया। इस दौरान कृषि विभाग को पहला पुरस्कार दिया गया, वहीं दूसरा पुरस्कार बिहार अग्निशमन सेवा को मिला, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद को तीसरा पुरस्कार दिया गया।
इस दौरान सीएम ने उपज्ञिथत जन समुदाय को संबोधन करते हुए कई मुद्दों के बीच बिहार में नौकरी की भी बात की। तेजस्वी यादव के उस वादे का भी अप्रत्यक्ष तौर पर जिक्र किया जिसमें 10 लाख नौकरी की बात कही गयी थी। गांधी मैदान से स्वतंत्रता दिवस के आयोजन पर दिये अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में बेरोजगारी की बात भी की। युवाओं को नौकरी देने की बात का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हम लोग अब एकसाथ हैं। हम लोगों का कॉन्सेप्ट है कि कम से कम 10 लाख तो कर दें। नौकरी और रोजगार दोनों का इंतजाम इतना कराएंगे कि दस लाख क्या हमलोगों का मन है कि इसे 20 लाख तक पहुंचाया जाए। चाहे ये नौकरी सरकारी हो या उससे बाहर रोजगारए दोनों का इंतजाम करवाएंगे। इसके लिए काम करेंगे। दरअसल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां 10 लाख का जिक्र इसलिए किया क्योंकि हाल के दिनों में जब महागठबंधन की सरकार बनी तो तेजस्वी के पुराने वादे लगातार उनसे पूछे जा रहे हैं जिसमें उन्होंने कभी 10 लाख नौकरी देने का वादा किया था।
