लालू ने नीतीश को सौंपी तेजस्वी की जिम्मेदारी
पटना। लालू प्रसाद के पटना पहुंचने की खबर मिलते ही नीतीश कुमार उनसे मिलने राबड़ी आवास पहुंचे। नीतीश के साथ वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी भी थेे। नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद को गुलाब का फूल दिया और फिर पूछा अब कैसी तबीयत है आपकी।
सूत्रों की मानें तो जैसे ही राबडी आवास पर खबर आयी कि मुख्यमंत्री आ रहे हैं तेजस्वी यादव दरबाजे की ओर निकल मुख्यमंत्री का स्वागत किया और फिर उन्हें लालू प्रसाद के कमरे में ले गए।दोनों नेताओं के बीच माहौल कभी ठहाकों से भरा रहा तो कभी भावुक भी हुआ। सेहत पर चिंता व्यक्त करते हुए लालू प्रसाद ने दोनों बेटों की ओर देखते हुए नीतीश कुमार से अपने खास भोजपुरी लहजे में कहा कि अब आप कहीं मत जाइये, आप ही इन सबके अभिभावक हैं, सबको साथ लेकर चलना है। लालू यादव ने भोजपुरी में कहा कि अब ऐने-ओने मत जईह, तुही सबके गार्जियन बाड़अ, सबके साथ ले के चले के बा।
लालू प्रसाद ने नीतीश औऱ तेजस्वी दोनों को समझाया कि डेवलपमेंट पर पूरा ध्यान देना है। अभी से ही ऐसी तैयारी करनी है कि 2024 में बीजेपी को बिहार से साफ कर देना है। लालू यादव औऱ नीतीश कुमार में कुछ देर राजनीतिक चर्चा हुई। बिहार में सरकार कैसे चलेगी इस पर बात हुई। विधि मंत्री कार्तिक सिंह को लेकर भी कुछ देर बातें हुई।
