बेरोजगार टीचर कैंडिडेट्स पर पुलिस ने भांजी लाठियां
पटना। पटना में शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने सातवें चरण की नियुक्ति की मांग को लेकर जब डाक बंगला चौराहे पर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तो पुलिस ने इनपर जमकर लाठियां भांजी जिसमें कई छात्रों को चोटें आयी हैं।
बताया जाता है कि इस प्रदर्शन के दौरान वहां भारी संख्या में पुलिस फोर्स और वाटर कैनन तैनात थी। कैंडिडेट्स बिहार के नए शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे थे। वे सरकार से प्राथमिक विज्ञप्ति जारी करने की मांग कर रहे थे। पुलिस.प्रशासन ने शुरू में उनको समझाया लेकिन अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी रहा। जिसपर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान एडीएम केके सिंह भी मौजूद थे। कुछ ही देर में उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने एक प्रदर्शनकारी को पीटना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी मार खाकर जमीन पर गिर गया लेकिन केके सिंह नहीं रुके। वो उसे डंडे से मारते रहे और लहूलुहान कर दिया। हैरानी की बात ये थी कि जिस प्रदर्शनकारी को वह पीट रहे थे वह हाथ में तिरंगा लिए था। उन्होंने उसका भी लिहाज नहीं किया। इस घटना का वीडियो वायरल होते ही नीतीश सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही तेजस्वी यादव ने पटना जिलाधिकारी से फोन पर बात की। जिस पर डीएम ने सेंट्रल एसपी और डीडीसी के नेतृत्व में जांच कमेटी का गठन कर दिया है।
