नीतीश सरकार ने जीता विश्वास मत
पटना। बिहार में राजनीतिक उठापटक के बाद आखिरकार बुधवार को विधानसभा में नीतीश सरकार ने बहुमत सिद्ध कर दिया।
बताया जाता है कि जब सत्ता पक्ष ने वोटिंग की मांग की तो इस पर भाजपा ने विरोध जताते हुए कहा कि जब बहुमत पारित हो गया है तो वोटिंग क्यों, भाजपा ने इसके विरोध में वॉक आउट कर दिया। इसके बाद भी वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई। सरकार को ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम ने समर्थन किया। पक्ष में 160 विधायकों का वोट मिला। इसके पहले भी बीजेपी ने सीएम के भाषण के दौरान ही वॉकआउट कर दिया था। सदन की अध्यक्षता डिप्टी स्पीकर महेश्वर हजारी ने की। फ्लोर टेस्ट पर बहस के दौरान भाजपा ने मुख्यमंत्री पर तंज किया। पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे नीतीश ने ठगा नहीं।
सीएम नीतीश कुमार ने विधानसभा में भाजपा के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मेरे साथ 7 दल हैं। आठवें ने भी समर्थन कर दिया है। सिर्फ आप विपक्ष में हैं। सीएम ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। भाजपा नेताओं को कहा कि जितना बोलोगे, उनता ही केंद्र वाला जगह देगा। इस पर बीजेपी विधायकों ने नारेबाजी करके वॉक आउट कर दिया है। इस पर नीतीश ने कहा कि ये भाग गए। नीतीश कुमार ने कहा कि दिल्ली से प्रचार हो रहा है। कोई काम नहीं हो रहा है। हम लोग मिलकर काम करेंगे। एक-एक गांव और एक-एक घर में हम जाकर अपनी बात रखेंगे। आप चाहें जितना दुष्प्रचार करें, हम मिलकर काम करेंगे। सच्चाई साथ है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये समाज में झगड़ा कराना चाहते हैं।
डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने 30 मिनट भाषण दिया और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जहां विपक्ष की सरकार है या जहां-जहां बीजेपी हारती है या बीजेपी जिससे डरती हैए वहां सीबीआईए ईडी और इनकम टैक्स को आगे कर देती है। उन्होंने कहा कि जिस मॉल को मेरा बताकर सीबीआई रेड की बात कही जा रही है वो मेरा है ही नहीं। वो हरियाणा के भिवानी के कृष्ण कुमार का है। इस मॉल का उद्घाटन बीजेपी के सांसद ने ही किया था। भाजपा के साथ हाथ मिला लीजिए तो हरिश्चंद्र। हाथ नहीं मिलाइगा तो रेपिस्ट,क्रिमिनल, भ्रष्टाचारी। तेजस्वी ने कहा कि लालू जी देश के पहले मंत्री थे जिन्होंने घाटे से उठाकर रेलवे को फायदे में पहुंचाया। जिसने देश को फायदा पहुंचाया उसपर छापे पड़ रहे हैं। जो देश की संपत्ति को बेच रहा है उसे कोई कुछ नहीं कर रहा है।
