नई पार्टी बनाएंगे गुलाम नबी आजाद

बारामूला। कांग्रेस से बगावत के बाद जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि वे अगले 10 दिनों में नई पार्टी के गठन का ऐलान करेंगे। बता दें कि गुलाम नबी आजाद ने पांच पन्नों की चिट्ठी लिखने के बाद कांग्रेस पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस आलाकमान पर तीखे प्रहार भी किए थे।   बता दें कि गुलाम नबी आजाद जब कांग्रेस से अलग हुए तो लोगों ने कयास लगाने शुरू किया कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इस बीच अब आजाद ने नई पार्टी बनाने का ऐलान कर अटकलों पर विराम लगा दिया है। यह भी दिलचस्प है कि जम्मू.कश्मीर में जल्द ही चुनाव कराए जाने के संकेत भी मिल रहे हैं। ऐसे में आजाद का फैसला अहम साबित हो सकता है। चुनाव आयोग ने परिसीमन के बाद मतदाता सूची में गैर स्थानीय लोगों को भी शामिल करने का फैसला लिया है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और कई अन्य लोगों ने जम्मू कश्मीर की डेमोग्राफी से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।
बता दें कि राष्ट्रपति शासन की अवधि समाप्त होने के बाद अगस्त 2019 में संसद ने अहम बदलाव किए। फिलहाल जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश है। लद्दाख को अलग केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा मिला है। लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप झेल रही केंद्र सरकार ने भी आश्वस्त किया है कि हालात सामान्य होने और चुनाव आयोग विधानसभा चुनाव कराएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.