ऊना में पीएम मोदी ने जनसभा को किया संबोधित

शिमला। प्रधानमंत्री ने ऊना में अपने भाषण की शुरुआत स्थानीय बोली से की। उन्होंने और भई ऊने आलियों,  कैसे हाल चाल है त्वाडा, ठीक ठाक हो कहकर भाषण की शुरूआत की। उन्होंने मां चिंतपूर्णी और गुरुनानक देव जी की धरती को प्रणाम करते हुए कहा कि विपरीत भौगोलिक परिस्थियों वाले हिमाचल का जीवन बेहद कठिन रहा है। हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर बताते रहे पीएम ने कहा कि अपनी माता.बहनों की दर्द आपका ये बेटा नहीं समझेगा तो कौन समझेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस का नाम लिए बगैर उस पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी हिमाचल में कनेक्टिविटी की समस्या रही। आज हिमाचल में देश की सबसे आधुनिक ट्रेन न केवल खड़ी हुई है बल्कि दौड़ पड़ी है।ऊना में पीएम ने वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। पीएम न कहा कि वंदे भारत ट्रेन और सड़कों का जाल बिछने से लोगों का जीवन आसान होगा। पीएम ने पूर्व की सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली में बैठे लोगों ने भी हिमाचल के हितों का कभी ध्यान नहीं रखा, जिसका खमियाजा यहां के भोले भाले लोगों को भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों ने कभी गड्ढों को भरने का प्रयास नहीं किया लेकिन हम विकास की नई इमारतें बना रहे हैं। जो सुविधाएं पिछली शताब्दी में लोगों तक पहुंच जानी चाहिए थी वो अब मिल रही है। ऊना की जनसभा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चंबा पहुंचे और वहां भी सभा की।
चंबा की सभा में पीएम ने कहा कि 2 दिन पहले मैं महाकाल की शरण में था और आज मणि महेश की शरण में हूं। हमने इस कहावत को बदल दिया कि पहाड़ का पानी और जवानी यहां के काम नहीं आती। आज पानी और जवानी दोनों पहाड़ के काम आ रही हैं। पीएम ने चंबा में रिमोट से 180 मेगावाट की बजोली पनबिजली परियोजना का लोकार्पण किया। साथ ही चांजू में 48 मेगावाट के तीन और दयोथल चांजू में 30.5 मेगावाट के हाइडल प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का तीसरे चरण का शुभारंभ भी किया। इसके तहत एक और चरण दो में बनी सड़कों को अपग्रेड किया जाना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हिमाचल के लोगों ने भी पुराना रिवाज बदलने की ठान ली है। इसलिए डबल इंजन की सरकार हिमाचल में भी रिपीट करने का नया इतिहास बनाएगी। कांग्रेस का बिना नाम लिए हुए पीएम ने तंज कसते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों ने 7 हजार किलोमीटर सड़कें बनाई और हमने 8 बरसों में 12 हजार किमी ग्रामीण सड़कें बना दी। हिमाचल में जब शांता जी और धूमल जी सीएम थे तो उन्हें दिल्ली में अपने हक के लिए लड़ते देखा। आज केंद्र की सरकार पहाड़ी प्रदेशों के लोगों को ज्यादा तरजीह दे रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में रोजगार की चुनौती पर पीएम ने कहा कि पावर प्रोजेक्ट से न केवल हिमाचल की आमदनी बढ़ेगी बल्कि युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.