बिहार के लोगों में अंडर करंट है : तेजस्वी यादव
पटना। लोकसभा चनाव के परिणाम किसके खाते मे जाएगा यह तो भविष्य के गर्त मे है पर इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि लोग अपने खाते में जीत का दावा ठोकते नजर आ रहे है। बिहार की 40 सीटों पर कुल 7 चरण में मतदान कराए जाएंगे। महागठबंधन और एनडीए की ओर से अभी सीट शेयरिंग और उम्मीदवार को लेकर किसी भी तरह की घोषणा नहीं की गयी है। इधर रविवार को सीएम नीतीश कुमार से संजय झा और ललन सिंह ने मुलाकात की तो कयासों का बाजार गरमा गया। वहीं तेजस्वी यादव मुंबई के लिए रवाना हुए तो पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बिहार में इस बार लोकसभा चुनाव के परिणाम चौंकाने वाले होंगे। उन्होंने कहा कि अगर मैं चौंकाने वाला शब्द कह रहा हूं तो इसकी वजह है कि बिहार के लोगों में अंडर करंट है। तेजस्वी यादव ने कहा कि लोग 17 साल बनाम 17 महीने को देख रहे हैं। केंद्र सरकार ने 10 साल में क्या किया। बिहार को ना तो स्पेशल पैकेज दिया और ना ही कोई काम बिहार के लिए किया। आरक्षण की सीमा बढ़ाने का श्रेय अपनी महागठबंधन की सरकार को देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने इसे शेड्यूल 9 में नहीं जोड़ा। तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार को चैलेंज करते हुए कहा कि उनसे ज्यादा बिहार में हमारी सरकार ने 17 महीने में नौकरी दी। महंगाई और किसानों की समस्या को लेकर भी तेजस्वी यादव ने केंद्र को घेरा तेजस्वी यादव ने बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले को भी उठाया और सरकार को घेरा।
