ईडी कस्टडी से केजरीवाल ने जारी किया पहला आदेश

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कस्टडी में जाने के बाद पहला आदेश जारी किया है। जल मंत्रालय को लेकर अरविंद केजरीवाल ने ये ऑर्डर जारी किया है। अरविंद केजरीवाल ने नोट जारी कर लिखित में जल मंत्री को आदेश दिया है। दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और जल विभाग के लिए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा भेजे गए आदेश को पढ़ा। आतिशी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी ने ईडी की कस्टडी में होते हुए बतौर जल मंत्री मेरे लिये निर्देश भेजे हैं कि दिल्ली वालों को हो रही पानी और सीवर की समस्याओं का तुरंत समाधान हो और गर्मियों में पर्याप्त पानी के टैंकरों का इंतजाम किया जाये। अरविंद केजरीवाल अपने आप को सिर्फ दिल्ली वालों का मुख्यमंत्री नहीं मानते वो हर दिल्ली वाले को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं।  हिरासत में भी 24 घंटे अपने दिल्ली के दो करोड़ लोगों के परिवार की चिंता सता रही है।
केजरीवाल ने कहा है कि मुझे पता चला है कि दिल्ली के कुछ इलाकों में पानी और सीवर की काफी समस्याएं हो रहीं है। इसे लेकर मैं चितित हूं। चूंकि मैं कस्टडी में हूं इस वजह से लोगों को जरा भी तकलीफ नहीं होनी चाहिए। गर्मियां भी आ रही हैं। जहां पानी की कमी है वहां उचित संख्या में टैंकरों का इंतजाम कीजिए। मुख्य सचिव समेत अन्य अधिकारियों को उचित आदेश दीजिए ताकि जनता को किसी तरह की परेशानी ना हो।

Leave A Reply

Your email address will not be published.