अमित शाह ने गांधीनगर सीट से किया नामांकन
गांधीनगर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को गांधीनगर लोकसभा सीट के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद शाह ने कहा कि जिस गांधीनगर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी कर चुके हैं और पीएम मोदी जिस निर्चाचन क्षेत्र के मतदाता हैं उस क्षेत्र से चुनाव लड़ना मेरे लिए यह गौरव का विषय है। मैं इस क्षेत्र से 30 साल से जुड़ा हूं। यहीं से बूथ कार्यकर्ता से लेकर विधायक, सांसद बना। केंद्रीय मंत्री पद तक पहुंचा। पार्टी अध्यक्ष भी रहा। केंद्रीय मंत्री शाह ने “विजय मुहूर्त” में दोपहर 12.39 बजे गांधीनगर के कलेक्टर और जिला चुनाव अधिकारी एम के दवे को भाजपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र सौंपा। इस अवसर पर शाह के साथ उनकी पत्नी सोनल शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी उपस्थित थे।
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद श्री शाह ने कहा कि यह चुनाव नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है ताकि वह 2047 तक भारत को विकसित देश बना सकें। मोदीजी ने 2047 तक भारत को विकसित देश और सभी क्षेत्रों में नंबर एक देश बनाने का संकल्प लिया है। इसके लिए अगले पांच साल महत्वपूर्ण हैं क्योंकि पिछले 10 साल पिछली यूपीए सरकार द्वारा बनाए गए गड्ढों को भरने में चले गए। आगामी पांच साल विकसित भारत की भव्य इमारत बनाने के लिए देश की जनता का समर्थन चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का धन्यवाद जताते हुए कहा कि राज्य व केंद्र सरकार की मदद से गांधीनगर क्षेत्र में पांच साल में 22 हजार करोड रुपये से अधिक का विकास कार्य कराया गया है। उन्होंने कहा कि यह मेरी कर्मभूमि है और यहां की जनता से जब भी मैने समर्थन मागा तो मुझे दिया गया।
विदित हो कि नामाकन से एक दिन पूर्व जब इनका रोड शो निकला था तो उसमे अपार जनसमूह उमडा था। इस बार के चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने इस सीट से सोनल पटेल को उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी ने गांधीनगर लोकसभा सीट से अमित शाह की 10 लाख वोटों से जीत सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है। पिछली बार अमित शाह गांधीनगर सीट से अब तक के बड़े मार्जिन से जीते थे।
