खूंटी से बबीता कच्छप ने किया नामांकण दाखिल
खूंटी। झारखंड की खूंटी लोकसभा सीट से भारत आदिवासी पार्टी के टिकट पर बेलोसा बबीता कच्छप अपना परचा दाखिल किया। बेलोसा बबीता कच्छप ने सोमवार 22 अप्रैल को निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में जाकर अपना नामांकन दाखिल किया।
बताया जाता है कि बबीता पतरा मैदान से रोड शो करते हुए समाहरणालय पहुंचीं। समाहरणालय गेट के पास उनके काफिले को रोका गया। इसके बाद प्रत्याशी बेलोसा बबीता कच्छप समेत 5 लोग निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में गए। वहां बबीता ने निर्वाची पदाधिकारी को अपना नामांकन पत्र सौंपा। नामांकन दाखिल करने के बाद बबीता ने कहा कि मैंने कभी भी संविधान के खिलाफ बात नहीं की। संविधान के दायरे में आदिवासियों को उनका अधिकार दिलाने की बातें की। उन्होंने कहा कि सवाल उन लोगों से पूछा जाना चाहिए जिन्होंने 75 साल तक इस देश पर शासन किया और इस दौरान आदिवासियों को जो अधिकार मिलने चाहिए थे वे अधिकार नहीं मिले। बबीता ने कहा कि मैने हमेशा जल, जंगल, जमीन की बात की। हमारे समुदाय के लोगों को कुछ लोगों ने दिग्भ्रमित किया। हमारी अनुपस्थिति में कुछ असामाजिक तत्वों ने हमारे आंदोलन को बदनाम किया है। यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि मेरे चुनाव लड़ने से यह भी संभव है कि जो लोग लोकतंत्र से दूर हो गए हैं एक बार फिर लोकतंत्र में विश्वास करने लगेंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय नीति और नियोजन नीति पर भी काम करूंगी जनता के मुद्दों को सुनूंगी और अब तक उनके जिन मुद्दों पर सुनवाई नहीं हुई है उनका समाधान करने की कोशिश करूंगी।
विदित हो कि खूंटी ही वह स्थान है जहां पत्थलगड़ी आंदोलन हुआ था। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कई गांवों के लोगों ने अपने सारे सरकारी दस्तावेज जला दिए थे और सरकार के खिलाफ बगावत का ऐलान कर दिया था।
