लवली ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के बीच दिल्ली में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। अरविंदर सिंह लवली ने दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले शीला सरकार में 12 साल तक मंत्री रहे राजकुमार चौहान ने टिकट न मिलने पर कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। बताया जा रहा है कि अरविंदर सिंह लवली आम आदमी पार्टी से गठबंधन के खिलाफ थे।
लवली ने मल्लिकार्जुन खरगे को चिट्ठी लिखकर अपना इस्तीफा भेजा है जिसमें उन्होंने अपनी नाराजगी की वजह बताई है। अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि दिल्ली कांग्रेस इकाई उस पार्टी के साथ गठबंधन के खिलाफ थी, जो कांग्रेस पार्टी के खिलाफ झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के एकमात्र आधार पर बनी थी। इसके बावजूद, पार्टी ने दिल्ली में “आप” के साथ गठबंधन करने का फैसला किया। लवली ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस को सिर्फ तीन ही सीटें दी गईं। लवली इस बात को लेकर भी नाराज बताए जा रहे हैं कि इन तीनों सीटों में दो सीटें बाहरी व्यक्तियों को दी गई।
विदित हो कि हाल ही में राजकुमार चौहान ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। उन्होंने इसके पीछे प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया के व्यवहार को कारण बताया है। वे उत्तर पश्चिम दिल्ली क्षेत्र से टिकट मांग रहे थे। उन्होंने टिकट न मिलने पर तीन दिन पहले बैठक में विरोध भी किया था। इस दौरान बाबरिया से नोकझोंक भी हुई थी। इस बारे में उनके खिलाफ पार्टी में एक शिकायत भी की गई है। यह शिकायत कार्रवाई के लिए आलाकमान के पास भेजी गई है लेकिन उन्होंने शिकायत का निपटारा होने से पहले कांग्रेस छोड़ दी।
