अयोध्या मे पीएम मोदी ने किया रोड शो

अयोध्या। अयोध्या नगरी हर-हर मोदी.घर- घर मोदी और अबकी वार चार सौ पार फिर से मोदी सरकार की नारों से तब गुंजायमान हो उठी जब देश के प्रधान मंत्री यहां रोड शो के लिए पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी ने रोड शो निकालने के पहले रविवार को सबसे पहले भगवान श्री रामलला का दर्शन कर पूजा अर्चना की और पूरी तरह लेटकर आशीर्वाद मांगा। पीएम मोदी मंदिर में करीब 15 मिनट रहे और इस दौरान मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने पूजन और आरती भी की।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सुग्रीव किला से रोड शो की शुरुआत की। प्रधानमंत्री के अभिनंदन व स्वागत के लिए राम पथ के दोनों तरफ जनता काफी पहले से उनका इंतजार कर रही थी। इस दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे। पीएम मोदी ने अयोध्या से भारतीय जनता पार्टी  के उम्मीदवार व सांसद लल्लू सिंह के समर्थन में फूलों और बैनर से सजे एक खुले वाहन  पर सवार होकर रोड शो शुरू किया और वाहन पर उनके साथ प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और लल्‍लू सिंह मौजूद थे। सुग्रीव किला से लता मंगेशकर चौक तक करीब दो किलोमीटर की दूरी के बीच पीएम मोदी के रोड शो के लिए 75 ब्लॉक बनाये गए थे जहां हर वर्ग के लोग प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मौजूद नजर आए। रोड शो के लिए पीएम मोदी का रथ जैसे ही आगे बढ़ा नारों से वातावरण गूंज उठा। जय श्री राम,  हर-हर मोदी. घर- घर मोदी,  फिर से मोदी सरकार. अबकी वार चार सौ पार जैसे नारों के बीच उमड़ी भीड़ ने पीएम मोदी पर फूलों की बारिश कर दी। उनके स्वागत में जगह- जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। बाल कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। साधु संत भी सड़क के किनारे खड़े होकर पीएम मोदी के स्वागत में उत्साहित दिखे। पीएम मोदी के स्वागत में बच्चे, बड़े और महिलाएं भी मौजूद नजर आयी। विदित हो कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इस वर्ष 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी जिसका देश के लोगों का एक लंबे समय से इतजार था। कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि पूरी अयोघ्या नगरी ही मोदी के आगमन और रोड शो के लिए अति उत्साहित नजर आयी और यह नगरी पूरी तरह राममय हो गई थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.