यूपी के सियासी दिग्गजों में जुबानी जंग तेज

लखनऊ। लोकसभा चुनाव के बाद से यूपी बीजेपी में खींचतान मची हुई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सरकार से बड़ा संगठन वाले बयान के बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सूबे के मुख्यमंत्री योगी और उपमुख्यमंत्री के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। वहीं बैठकों में उपमुख्यमंत्रियों की गैरमजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी बीच सीएम योगी से लेकर दोनों उपमुख्यमंत्री दिल्ली दौरे पर है। उधर बीजेपी के अंतर्कलह के चलते विपक्ष को बीजेपी पर हमला बोलने का मौका मिल गया हैं। दो दलों के बड़े नेताओं के बीच एक्स वार शुरू हो गया है। केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर जवाबी हमला किया है।
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को मोहरा बताते हुए उन्हें दिल्ली के वाईफाई का पासवर्ड बताया था जिस पर केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार कर अखिलेश यादव को कांग्रेस का मोहरा बता दिया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर पोस्ट के जरिये बताया कि कांग्रेस के मोहरा सपा मुखिया अखिलेश यादव 2027 में पराजय सुनिश्चित देख अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। जनता से झूठ बोलकर 2024 में मिली सफलता से वह गुब्बारे की तरह फूल गए हैं। उन्हें 2014, 2017, 2019 और 2022 में सपा की पराजय याद रखना चाहिए। केशव ने दावे के साथ कहा कि 2027 में 2017 दोहराएंगे।
बता दें कि सपा मुखिया अखिलेश यादव और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बीच वार पलटवार का सिलसिला जारी है। केशव को सरकार बनाने का मानसून ऑफर दे चुके अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एक बार फिर केशव प्रसाद मौर्य पर तंज कस दिया। अखिलेश ने एक बयान में कहा कि ये तो कुछ मामले खुल रहे हैं और खुल इसलिए रहे हैं क्योंकि कुछ लोग मोहरा बन गए हैं। केशव का बिना नाम लिए कहा कि वो मोहरा हैं। दिल्ली के वाईफाई के पासवर्ड हैं। हालांकि बाद में अखिलेश ने कहा कि सुनने में आया कि मौर्या जी (उपमुख्यमंत्री)  मोहरा हैं। वही दिल्ली वाईफाई के पासवर्ड है। दिल्ली वाले अगर किसी से मिल रहे तो लखनऊ वाले भी किसी से मिल रहे हैं। बताइए भला ऐसे सरकार चलेगी। आप खेल देखिए दिल्ली के वाईफाई पासवर्ड का।

Leave A Reply

Your email address will not be published.