पेरिस में मनु ने रचा इतिहास
देश की स्टार महिला शूटर मनु भाकर ने इतिहास रचते हुए दो पदक अपने और देश की झोली में डाल दिए हैं। इसके साथ ही वह एक ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली महिला भारतीय बन गई है। मनु ने 28 जुलाई को पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल के सिंगल्स इवेंट में भी ब्रॉन्ज मेडल पर निशाना लगाया था। पेरिस में जीते अपने पहले ब्रॉन्ज के साथ ही मनु ने मेडल टैली में भारत का खाता खोला था और अब पेरिस में मिली पहली कामयाबी के 48 घंटे बाद मनु भाकर ने एक और ब्रॉन्ज अपने नाम कर इतिहास रचा है। मनु भाकर ने अपने पार्टनर सरबजोत सिंह के साथ मिलकर भारत के लिए दूसरा मेडल जीता। 10 मीटर एयर पिस्टल के मिक्स्ड टीम इवेंट के ब्रॉन्ज मेडल मैच में मनु और सरबजोत ने कोरियाई जोड़ी को 16-10 से हराया।
मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने 29 जुलाई को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के ब्रॉन्ज मेडल मैच के लिए क्वालीफाई किया था। दोनों ने क्वालिफिकेशन राउंड में 20 परफेक्ट शॉट लगाए थे और उसके जरिए 580 अंक बटोरे थे। पेरिस में मनु भाकर अपना दूसरा ओलंपिक खेल रही हैं। इससे पहले टोक्यो में जब उन्होंने ओलंपिक डेब्यू किया था तो उन्हें वहां से खाली हाथ ही लौटना पड़ा था। टोक्यो में मनु भाकर की नाकामी की वजह उनका खराब खेल नहीं बल्कि पिस्टल में आई तकनीकी खराबी रही थी। टोक्यो में मिली असफलता के बाद मनु को काफी आलोचना भी झेलनी पड़ी थी लेकिन, अच्छी बात ये है कि पेरिस से मनु भाकर खाली हाथ नहीं लौट रहीं। उन्होंने पेरिस ओलंपिक में खुद के साथ-साथ भारत के भी मेडल का अकाउंट खोल दिया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निशानेबाज मनु भाकर और सरबजोत सिंह को पेरिस ओलंपिक खेलों में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखाए शूटिंग की मिश्रित टीम 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई! मनु भाकर ने एक ही ओलंपिक खेलों में दो पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला निशानेबाज बनकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने हमें बेहद गौरवान्वित किया है। मैं उन्हें और सरबजोत सिंह को भविष्य में और अधिक उपलब्धि हासिल करने की शुभकामनाएं देती हूं।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया कि हमारे निशानेबाजों ने हमें गौरवान्वित करना जारी रखा है। ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई। दोनों ने शानदार कौशल और टीम वर्क दिखाया है। भारत बेहद खुश है।
