पाकुड़ की हालत खराब : हिमंता विश्वसरमा
दुमका। असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्वसरमा गुरुवार को पाकुड़ दौर पर थे। पाकुड़ जाने से पूर्व वे थोड़ी देर के लिए दुमका में रूके। यहां उन्होंने संताल हूल की वीरांगना फूलो झानो की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पाकुड़ की हालत खराब है। हमें सरकार गोपीनाथपुर जाने नहीं दे रही है। उन्होंने दावा किया है कि आने वाले दिनों में झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व सरमा ने पाकुड़ जाने के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पाकुड़ की हालत खराब है। बांग्लादेशी घुसपैठिये वहां पर आदिवासियों की जमीन हड़प रहे हैं। हमें आदिवासियो के साथ खड़े होना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पाकुड़ के गोपीनाथपुर में झारखंड सरकार ने उन्हें जाने से मना किया है। जब एक मुख्यमंत्री वहां नहीं जा सकते तो आमलोगों का क्या हाल होगा समझा जा सकता है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व पाकुड़ के गोपीनाथपुर में पश्चिम बंगाल के लोगों ने पाकुड़ जिला में प्रवेश कर स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की थी।
इस दौरान जब पत्रकारों ने हिमंता विश्वसरमा से विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने फिर से राज्य में सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूं कि आने वाले दिनों में झारखंड में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। हम लोगों का किसी से कोई मुकाबला नहीं है। हम बढ़िया से इस चुनाव को जीतेंगे। इससे पहले असम के मुख्यमंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं ने दुमका पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया।
