महिलाओं के खाते में ट्रांसफर किए एक-एक हजार रुपए

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पलामू, गढ़वा और लातेहार की महिलाओं को 1,000 रुपए की सौगात दी। उन्होंने गुरुवार (22 अगस्त) को वीर नीलांबर पीतांबर की धरती से रिमोट का बटन दबाकर योजना के लिए निबंधित पलामू प्रमंडल के तीनों जिलों की महिलाओं के खाते में 1,000, 1,000 रुपए ट्रांसफर किए।
इस अवसर पर हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड गठन के 20 साल बाद भी बहुत से ऐसे इलाके हैं जहां आज तक कोई अधिकारी नहीं गया लेकिन, हमारी सरकार ने फैसला किया कि हमारी सरकार गांव से चलेगी। इसलिए हमने गांव-गांव में शिविर लगाकर आपकी समस्याओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लिए पहली बार शिविर नहीं लगी। इसके पहले भी पदाधिकारियों ने टोला, पंचायत में जाकर शिविर लगाई और गरीबों एवं बुजुर्गों की समस्याओं को सुना और उसका समाधन किया। जिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया वो हमारे पास पहुंची हम उनका समाधान करने में लगे हैं। इसी कड़ी में हमने कई योजनाओं को गांव तक पहुंचाया। हेमंत सोरेन ने कहा कि जब गांव ही मजबूत नहीं होगा, तो शहर को कैसे मजबूत किया जा सकता है। इसलिए हमने गांवों को मजबूत करने का काम शुरू किया। गांवों में गिने-चुने बुजुर्गों को पेंशन मिलती थी। गांवों में वृद्धापेंशन के लिए हमारे बुजुर्ग दलालों के चंगुल में फंस जाते थे। आज बिना पेंशन का कोई बुजुर्ग नहीं है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी महागठबंधन की सरकार रांची हेडक्वार्टर से चलने वाली सरकार नहीं है यह सरकार गांव.देहात से चलने वाली सरकार है। मुख्यमंत्री ने घोषणा कर रखी है कि 31 अगस्त से पहले सभी पंजीकृत महिलाओं के खाते में सम्मान राशि की पहली किस्त के 1,000 रुपए ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। अगले महीने से यानी सितंबर के महीने से हर महीने की 15 तारीख को पंजीकृत लाभुकों के खाते में 1,000, 1,000 रुपए डीबीटी के जरिए ट्रांसफर किए जाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.