भारत की चिकित्सा व्यवस्था जन-जन के लिए : ब्रजेश पाठक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को कन्वेंशन सेंटर में आयोजित मेडिविजन कान्फ्रेन्स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बोलते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि अभाविप भारत का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। एबीवीपी राष्ट्रवादी संगठन है। यह राष्ट्र के लिए काम करता है।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की चिकित्सा व्यवस्था जन-जन के लिए है। मेडिकल साइंस में भारत ने दुनिया में परचम लहराने का काम किया। दुनिया का कोई भी राष्ट्राध्यक्ष होगा भारत का कोई न कोई चिकित्सक वहां मौजूद है। उत्तर प्रदेशा में 65 मेडिकल कालेज है। लोहिया, केजीएमयू व एसजीपीजीआई जैसे बड़े चिकित्सा संस्थान हैं। इसके अलावा सीएचसी, पीएचसी व आरोग्य मंदिर हैं।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारत का परचम दुनिया के सर्वोच्च शिखर पर फहराये यह युवाओं की जिम्मेदारी है। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में सरकार अपने स्तर से प्रयास कर रही है लेकिन हम अपने अंदर विचार करें कि हम केवल नौकरी के लिए नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पहले बड़े अस्पतालों में गरीब आदमी इलाज नहीं करा पाता था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनकी पीड़ा को समझा। आज गरीब को चिंता नहीं है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में मोदी ने अदभुत कार्य किया है। यूपी में मेडिकल की सीटों में दोगुना की वृद्धि हुई है। वन डिस्टिक वन मेडिकल कालेज बनाने की ओर हम आगे बढ़ रहे हैं। 65 मेडिकल कालेज पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रहे हैं।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा नेतृत्व संवेदनशील है। इस अवसर पर अभाविप के क्षेत्र संगठन मंत्री घनश्याम शाही, मेडिविजन के राष्ट्रीय संयोजक डा.अभिनंदन कुमार बोकरिया, केजीएमयू के डा. पूरनचंद और डा.कौशल किशोर  प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.