भाजपा केजरीवाल की जान लेने पर आमादा : आप
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप} के सांसद संजय सिंह ने शनिवार को कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हमला करने वाला मुख्य आरोपी रोहित सहरावत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष है और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ सोशल मीडिया पर उसकी फोटो मौजूद है।
“आप” के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद ने यहां संवाददाताओं से कहा कि भाजपा द्वेष और हिंसा की राजनीति में इस कदर आगे बढ़ चुकी है कि अब वह श्री केजरीवाल की जान लेने पर अमादा है। भाजपा श्री केजरीवाल की जान की दुश्मन बन गई है। आम आदमी पार्टी और श्री केजरीवाल की राजनीति को खत्म करने का यह कोई पहला प्रयास नहीं है। भाजपा ने श्री केजरीवाल को नुकसान पहुंचाने के लिए हर हथकंडे अपनाएं हैं। ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल किया। उनके ऊपर फर्जी मुकदमे लिखे गए। जेल में डाला गया। वहां भी उनकी इंसुलिन बंद कर दी गई। उनकी शुगर कई बार 50 से कम हो गई थी। जेल में भी उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई।श्
श्री सिंह ने कहा कि शुक्रवार को विकासपुरी में जो कुछ भी हुआ और जिस तरह से पुलिस की मिलीभगत सामने आ रही हैए यह साफ तौर पर श्री केजरीवाल को जान से मारने का गहरा षड्यंत्र था। भाजपा के लोग उनकी जान के दुश्मन बन चुके हैं। उन्होंने हमलावरों की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि इसमें रोहित सहरावत का नाम का एक व्यक्ति मुख्य आरोपी है जो भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश का उपाध्यक्ष है। रोहित सहरावत की गृह मंत्री अमित शाह के साथ तस्वीर है। अरविंद केजरीवाल पर हमले में शामिल दूसरा व्यक्ति अरुण ध्राल है जो भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश का महामंत्री है। ये लोग खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि ये गुंडई सिर्फ विकासपुरी में नहीं बल्कि दिल्ली में केजरीवाल जहां भी जाएंगे वहां ये लोग गुंडई करेंगे। “आप” नेता ने कहा कि भाजपा ने श्री केजरीवाल पर हमला करने की सुनयोजित साजिश रची, इसमें श्री शाह की पुलिस भी शामिल है। भाजपा की इस घिनौनी हिंसक राजनीति की जितनी निंदा की जाए वह कम है।
